
चुरचू (हजारीबाग)। पुलिस का असली चेहरा केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की हर संभव मदद करना भी है। इसका जीवंत उदाहरण सोमवार को चुरचू थाना पुलिस ने पेश किया, जब थाना प्रभारी कुमार अश्विनी की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और संवेदनशील कार्यशैली से भटका हुआ पांच वर्षीय मासूम वंश राज सकुशल अपने परिजनों से मिल गया। इस मानवीय कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के सरौनी गांव निवासी मासूम वंश राज खेलते-खेलते रास्ता भटक गया और जंगल की ओर निकलते हुए चुरचू थाना क्षेत्र के खुरंडीह गांव पहुंच गया। अकेले और असहाय घूम रहे बच्चे को देखकर ग्रामीणों ने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की तथा बिना देर किए इसकी सूचना चुरचू थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुमार अश्विनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बच्चे को थाना बुलवाया। उन्होंने बेहद धैर्य और स्नेह के साथ बच्चे से बातचीत की, जिससे यह जानकारी मिली कि वह सरौनी गांव का रहने वाला है। इसके बाद थाना प्रभारी ने अपनी सक्रिय कार्यशैली का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से गांव में संपर्क स्थापित कराया और बच्चे के परिजनों का पता लगाया।
कुछ ही समय में बच्चे के पिता प्रमोद कुमार चुरचू थाना पहुंचे। आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मासूम वंश राज को सुरक्षित उनके पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने लाड़ले को सकुशल देखकर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
मासूम की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली और चुरचू थाना पुलिस, विशेषकर थाना प्रभारी कुमार अश्विनी की तत्परता, मानवीय सोच, साहसिक नेतृत्व और जिम्मेदार कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। स्थानीय लोगों ने भी कहा कि थाना प्रभारी ने यह साबित कर दिया कि पुलिस जनता की सच्ची मित्र और भरोसेमंद साथी है।
यह सराहनीय कार्य एक बार फिर दर्शाता है कि चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह सक्रिय हैं, बल्कि मानवता और जनसेवा के प्रति भी समान रूप से समर्पित हैं। उनकी तेज़ निर्णय क्षमता, संवेदनशील दृष्टिकोण और त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार की खुशियां लौटाकर पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया है।
Leave a comment