रांची : रांची के खोरहाटोली में तांत्रिक की हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने आरोपियों को करोड़पति नहीं बनाया। आरोपियों ने पूछताछ में यह जानकारी दी है कि तांत्रिक रमेश कई महीनों से वादा कर रहा था कि उन्हें करोड़पति बना देगा, लेकिन जब वादा पूरा नहीं हुआ तो वे नाराज हो गए और तांत्रिक की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर सोने के गहने, मोबाइल फोन और पिस्टल बरामद किया है। मृतक रमेश 55 साल का था और मंगलवार की देर रात को रांची सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत सियोन नगर, गली नंबर-4 के खोरहाटोली में धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी।
मृतक रमेश के बेटे आकाश ठाकुर ने सदर थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत के मुताबिक रमेश ठाकुर 21 जुलाई की रात को खोरहाटोली स्थित आवास पर सोने के लिए गए थे। 22 जुलाई की सुबह किराएदार गुड्डू ने फोन करके जानकारी दी कि पिता के कमरे से खून बह रहा है। आकाश के मुताबिक, जब वह परिजनों के साथ वहां गया तो देखा कि पिता खून से लथपथ अचेत हालत में जमीन पर पड़े हैं। उनके सिर से काफी खून बह रहा था और कान और मुंह पर चोट थी। कमरे की दीवार पर भी खून लगा हुआ था। पिता की अंगूठी, गले की चेन और ब्रेसलेट गायब था।
गहनों की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये थी। आकाश ने पुलिस को जानकारी दी थी कि जमीन कारोबार के सिलसिले में उनके कुछ दोस्तों और कुछ अज्ञात लोगों का भी घर पर आना-जाना था। पुलिस ने इसे एंगल से जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों को धर-दबोचा।
पुलिस ने बताया कि तांत्रिक रमेश की हत्या मंगलवार की देर रात को करीब 12-1 बजे के बीच की गई थी। गिरफ्तार आरोपी, कोकर, प्लाजा चौक और मोरहाबादी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि हत्यारोपियो ने मृतक के शरीर से अंगूठी, सोने की चेन, ब्रेसलेट, सोने के कुंडल और मोबाइल फोन भी लूट लिया था। बरामद गहने समेत अन्य सामग्री की कीमत करीब 6 लाख रुपये है।
Leave a comment