
कटकमसांडी, हजारीबाग। थाना क्षेत्र के लोहसिंघना गांव निवासी ममता देवी के घर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर कमरे में रखे करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण, 270 ग्राम चांदी के जेवरात तथा ₹10 हजार नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख बताई गई है।
ममता देवी के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने बड़े भाई के घर में सोने के लिए चली गई थीं। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला बंद कर दिया गया था। अगले दिन 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरे में रखे गोदरेज, बक्सा एवं पलंग का भी ताला टूटा पाया गया।
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने सोने के आभूषणों में गले का हार, मंगलसूत्र, झुमका, मांगटीका एवं अंगूठी समेत करीब 40 ग्राम जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा चांदी की पायल के दो जोड़े, कुल करीब 270 ग्राम, तथा घर में रखे ₹10 हजार नकद भी गायब मिले।

पीड़िता ने घटना की सूचना कटकमसांडी थाना पुलिस को देते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। जिस तरह चोरों ने घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया, उससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि चोरी की इस वारदात का जल्द उद्भेदन करते हुए चोरों तक पहुंचकर चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
Leave a comment