रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु

पीटीपीएस महाविद्यालय, पतरातू में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM मोदी के साथ’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रेरणादायक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के महत्व, उसके लाभ तथा खेल के क्षेत्र में उपलब्ध उज्ज्वल भविष्य एवं रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुमार मनोज ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन NSS Programme Officer अदिति आर्यन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में , किशोर कुमार महतो (कटिया बस्ती मुखिया), नूतन सिंह (हनुमानगगढ़ी मुखिया) श्यामली महथा (कटिया पंचमंदिर मुखिया) उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथि के रूप में श्री आनंद मोहन UPSC मेंबर अमित कुमार सिंह संयोजक सानिध्य NGO एवं सुश्री सपना यादव (एथलीट) ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के पूर्व छात्र भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जो विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सफलता के माध्यम से महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
परिचर्चा के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल व्यक्ति को केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ ही नहीं बनाता, बल्कि उसमें अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना भी विकसित करता है। यदि विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार आगे बढ़ते हैं, तो वे इसमें भी अपने उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के नए अवसर तलाश सकते हैं।
अतिथियों ने युवाओं को नशे और मोबाइल की अत्यधिक लत से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ने पर युवाओं का ध्यान सकारात्मक गतिविधियों की ओर केंद्रित रहता है। नियमित खेलकूद से एकाग्रता और स्मरण क्षमता में वृद्धि होती है तथा इसका सकारात्मक प्रभाव पढ़ाई पर भी पड़ता है।
वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि NSS विद्यार्थियों को शिक्षा के अतिरिक्त सामाजिक सेवा, नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से युवा अपने भीतर आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित कर एक सशक्त नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को खेलों को केवल मनोरंजन के रूप में न देखकर स्वस्थ जीवन, व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल करियर का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा, जागरूकता और सकारात्मक सोच का संचार किया।
कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट था— “खेलें, स्वस्थ रहें, नशे से दूर रहें और अपने हुनर से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।” कार्यक्रम में कॉलेज के प्रो निशा कुमारी प्रो विजय कुमार प्रो जयशंकर ठाकुर प्रो पुष्पा कुमारी प्रो शकील अहमद प्रो नंद कुमार अजीत कुमार नेहा सिंह नीतू कुमारी इसके अलावा सैकड़ो छात्र छात्राएं मौजूद थे।
Leave a comment