ब्यूरो चीफ कपिल देव दास जामताड़ा
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत की ओर से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 का शुभारंभ किया गया है। इसे लेकर बुधवार को मेरा युवा भारत, जामताड़ा कार्यालय परिसर में उप निदेशक उत्तरा बिस्वास एवं लेखपाल उदय कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उप निदेशक उत्तरा बिस्वास ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी सोच, प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका प्रस्तुत करने का राष्ट्रीय मंच है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण के रूप में ‘विकसित भारत प्रश्नोत्तरी’ का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक मेरा युवा भारत के पोर्टल पर किया जा रहा है। इसमें युवा व्यक्तिगत रूप से विभिन्न भाषाओं में भाग ले सकते हैं। प्रश्नोत्तरी में चयनित प्रतिभागी अगले चरण में 500 शब्दों की विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता में शामिल होंगे।इसके बाद चयनित युवाओं की यात्रा निबंध प्रतियोगिता, जिला स्तरीय प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व संवाद और राष्ट्रीय युवा नेतृत्व संवाद के चरणों से होकर आगे बढ़ेगी। जिला स्तर पर चयनित युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे, जिनमें से दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा।
जनवरी 2027 में नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय संवाद राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। चयनित युवा विशेषज्ञों, केंद्रीय सचिवों एवं केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रखेंगे।क्षेत्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उप निदेशक ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, युवा क्लबों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों से पात्र युवाओं को इस अभियान में अधिकाधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। मौके पर ऑफिस कर्मी संदीप कुमार,मिथुन महतो सहित अन्य उपस्थित थे।
Leave a comment