जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम ने कांड्रा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब छह किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान ऋषिकेश मुखिया उर्फ कार्तिक के रूप में हुई है। वह ओडिशा से गांजे की खेप लेकर संबलपुर के रास्ते एर्नाकुलम एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचा था। गुप्त सूचना के आधार पर पहले से सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने स्टेशन पर उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए टाटानगर रेल पुलिस को सौंप दिया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि गांजे की खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके।
रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई के बाद गांजा तस्करी के मामले की जांच जारी है।





Leave a comment