सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था का लिया जायजा
पाकुड़ ब्यूरो जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त केकेएम कॉलेज एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचीं। उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों की उपस्थिति का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुचारू वातावरण में परीक्षा देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त श्रीमती भारद्वाज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परीक्षा का संचालन सुव्यवस्थित पाया गया। केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक अपने दायित्वों के प्रति सजग दिखे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील हैं। वहीं, पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की समुचित तलाशी (फ्रिस्किंग) भी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सुरक्षा, निगरानी एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता को रोकने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को लगातार सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।





Leave a comment