
अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कुशल नेतृत्व और चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार की त्वरित कार्रवाई से अपहरण कांड का सफल उद्भेदन, दो वाहन और एक पेन ड्राइव बरामद
हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने अपहरण की एक गंभीर घटना में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटी साउथ सीसीएल परियोजना में एनआईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार (35 वर्ष), पिता पंकज कुमार सिंह, निवासी धनबाद, का बीती रात करीब 8:30 बजे अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और अपहृत मैनेजर को सकुशल बरामद करने के साथ ही इस वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार की अहम भूमिका और कुशल नेतृत्व की सराहना की जा रही है। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को दिशा-निर्देश दिए। वहीं चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार ने अपनी सक्रियता, तत्परता और बेहतर पुलिसिंग का परिचय देते हुए तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच और छापेमारी अभियान को गति दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपहरण में इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान की। जांच में एक काले रंग की क्रेटा कार (JH02BK-3586) और एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH02AU-4625) की संलिप्तता सामने आई। छापेमारी टीम ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को मुफस्सिल थाना क्षेत्र से तथा क्रेटा कार को चंदवारा थाना क्षेत्र से बरामद किया।
छापेमारी के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ में इस घटना में राजेश यादव और उसके छह अन्य अज्ञात साथियों की संलिप्तता की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए अपहृत भास्कर कुमार को चंदवारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश यादव, ग्राम भटबिगहा, थाना चौपारण; विक्की कुमार, ग्राम जमुआरी, थाना ईचाक; आनंद कुमार मेहता, ग्राम दाढ़ीघाघर, थाना ईचाक; दिलीप प्रसाद मेहता, ग्राम बड़ासी, थाना मुफस्सिल तथा मनीष कुमार, ग्राम अलौंजा खुर्द, थाना ईचाक, हजारीबाग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहरण में प्रयुक्त एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH02AU-4625), एक काले रंग की क्रेटा कार (JH02BK-3586) तथा एक पेन ड्राइव बरामद की है।
इस मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 01 नवंबर 2026, धारा 140(3)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस सफल पुलिस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि हजारीबाग पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। खासकर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कुशल मार्गदर्शन और चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार की सक्रियता एवं कार्यकुशलता ने इस गंभीर अपहरण कांड के त्वरित उद्भेदन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अपहृत व्यक्ति की सकुशल बरामदगी और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता, टीमवर्क और मजबूत रणनीति का परिणाम है। पुलिस की इस उपलब्धि की क्षेत्र में सराहना हो रही है।





Leave a comment