
हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र के तापिन साउथ सीसीएल परियोजना से एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार के अपहरण मामले में हजारीबाग पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत मैनेजर को चंदवारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त एक क्रेटा और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे मैनेजर का अपहरण किया गया था। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजेश यादव, विक्की कुमार, आनंद कुमार मेहता, दिलीप प्रसाद मेहता और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया। इस संबंध में चरही थाना में कांड संख्या 88/26 दर्ज किया गया है।

वहीं मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। वाहन मालिकों और ठेकेदारों का कहना है कि एनईपीएल कंपनी में कोटेशन और वर्क ऑर्डर के तहत उनके कई वाहन किराये पर चलाए जा रहे थे। उनके अनुसार, कंपनी पर करीब 94 लाख रुपये का भुगतान बकाया है। इसको लेकर पूर्व में चरही थाना में समझौता भी हुआ था और भुगतान के लिए चेक दिया गया था, लेकिन राशि नहीं मिली। दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि बकाया मांगने पर उन्हें गुमराह कर साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।





Leave a comment