रांची, 04 नवंबर रांची के एक्सट्रीम बार में डीजे संदीप प्रमाणिक की हत्या के मामले में दोषियों की आपराधिक अपील पर बुधवार को झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। मामले में अदालत के निर्देश पर रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी उपस्थित हुए। अदालत ने उनसे अनुसंधान में हुई कमियों को लेकर सवाल-जवाब किए।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मामले का अनुसंधान सही तरीके से नहीं किया गया है और कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों को रिकॉर्ड पर नहीं लाया गया है। अदालत ने एसएसपी को निर्देश दिया कि वे ट्रायल के दौरान प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के रिकॉर्ड का अध्ययन करें और अनुसंधान में हुई त्रुटियों की पहचान कर 30 नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अदालत ने रांची एसएसपी को अगली सुनवाई के दिन भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। इससे पहले सुनवाई के दौरान एसएसपी ने अदालत को बताया कि मामले के एक अनुसंधानकर्ता को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दूसरे अनुसंधानकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।





Leave a comment