लोहरदगा से सद्दाम खान की रिपोर्ट
12 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक चलने वाले विशेष प्रशिक्षण कैंप के लिए रवाना हुए दिलशान
बड़े भाई की राह पर चलकर परिवार और जिले का नाम कर रहे रोशन
सफलता के पीछे पिता कुद्दुस अंसारी की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन
लोहरदगा: खेल की दुनिया में लोहरदगा जिले ने एक बार फिर से एक नई उपलब्धि अपने नाम की है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) झारखंड अंडर-14 टीम के लिए जिले किस्को/नारी गांव (लोहरदगा) के प्रतिभावान खिलाड़ी दिलशान अंसारी का चयन हुआ है। दिलशान के चयन से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। वे निर्धारित प्रशिक्षण शिविर (कैंप) के लिए 12 नवंबर 2026 से 20 नवंबर 2026 तक चलने वाले सत्र के वास्ते रवाना हो चुके हैं।
खेलमय माहौल और दिलशान को मिल रही बड़े भाई की प्रेरणा
दिलशान की इस सफलता के पीछे उनके परिवार की खेल-कूद के प्रति गहरी निष्ठा जुड़ी है। दिलशान के बड़े भैया भी इससे पहले वर्ष 2016 से झारखंड टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके बड़े भाई ने राज्य और देश स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए प्रतिष्ठित गुलमोहर अकादमी और साई सेंटर (SAI Center) जैसे बड़े और नामी केंद्रों से उच्चस्तरीय खेल शिक्षा प्राप्त की है। बड़े भाई के नक्शेकदम पर चलते हुए ही आज दिलशान ने भी इस मुकाम को हासिल किया है।
पिता कुद्दुस अंसारी का अहम योगदान
दोनो भाइयों की इस शानदार सफलता और खेल के मैदान तक के सफर के पीछे उनके पिता श्री कुद्दुस अंसारी की अहम भूमिका और संघर्ष रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद पिता ने अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचाना, उन्हें हरसंभव सुविधाएं और सही मार्गदर्शन दिया। पिता का अटूट विश्वास और दोनों भाइयों की कड़ी मेहनत आज रंग लाई है, जिससे पूरा लोहरदगा जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।





Leave a comment