
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ।
न्यायायुक्त, राँची ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को किया रवाना।
रांची: माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायामूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा, श्री सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा माननीय सदस्य सचिव, झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं माननीय न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा, रांची, श्री अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव, ईंचार्ज के नेतृत्व में आज दिनांक 27.11.2026 बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा समाज में व्यापक जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान (बी.वी.एम.पी) के अंतर्गत आयोजित 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ आज व्यवहार न्यायालय, राँची में माननीय न्यायायुक्त, द्वारा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन को रवाना किया गया।
इस अवसर पर न्यायायुक्त श्री अनिल कुमार मिश्रा-1 ने जागरूकता अभियान को रवाना करते हुए कहा कि बाल विवाह न केवल बच्चों के बचपन, शिक्षा एवं भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। बाल विवाह का उन्मूलन केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने आम नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से अपील की कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए आगे आएँ तथा अपने आसपास बाल विवाह की किसी भी आशंका या घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
इस 100 दिवसीय जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में ऐसी सकारात्मक सोच विकसित करना है, जहाँ प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना, उनकी शिक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना ही एक सशक्त एवं समृद्ध भारत की आधारशिला है।
इस अवसर पर न्यायायुक्त श्री अनिल कुमार मिश्रा-1, डालसा सचिव, ईंचार्ज, श्री अभिषेक श्रीवास्तव, निबंधक-सह-जज ईंचार्ज श्री प्रशांत कुमार वर्मा समेत न्यायिक दंडाधिकारीगण, एलएडीसीएस के सदस्यगण, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण तथा पीएलवी समेत अन्य लोग मौके पर उपस्थित थे।





Leave a comment