जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई गांव में सांड चोरी की कोशिश करते हुए ग्रामीणों ने तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिंदु दा और राहुल दा, दोनों सोनबाद निवासी, तथा विशेश्वर सोरेन, रामपुर निवासी के रूप में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार तीनों सांड चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया।
घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी संतोष गोस्वामी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराते हुए तीनों आरोपियों को सुरक्षित थाना पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीण मिलन मंडल ने बताया कि पोसोई, मोहड़ा, नाराडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में मवेशी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मवेशी चोरी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पकड़े गए लोगों का कहना है कि वे मवेशियों की खरीद-बिक्री का कार्य करते हैं। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment