मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज दोपहर 2 बजे राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रोजेक्ट भवन में होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इस बैठक में JPSC द्वारा आयोजित की जाने वाली संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने के प्रस्ताव पर फैसला लिया जा सकता है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने की स्थिति में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है।
गौरतलब है कि JPSC द्वारा हाल ही में जारी संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा के विज्ञापन में अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा में किसी प्रकार की छूट का प्रावधान नहीं किया गया था। इसके कारण कई योग्य अभ्यर्थी परीक्षा में आवेदन करने से वंचित रह जाने की बात कह रहे थे। इसे लेकर अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही थी। अब सभी की निगाहें आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। यदि इस प्रस्ताव पर मुहर लगती है तो इससे प्रभावित अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा और परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा।
Leave a comment