झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। विधायकों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विधायकों के हाथों में जो पोस्टर थे, उनमें लिखा था कि संसद से नरेंद्र गायब और देश से सिलेंडर गायब। कुछ पोस्टरों में एक तस्वीर भी लगाई गई थी, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खड़े दिखाई दे रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सामने सिर झुकाकर प्रणाम करते नजर आ रहे हैं। सत्ता पक्ष के विधायकों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। लोगों को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन लगना पड़ रहा है इसके बाद भी नहीं मिल रहा है। लोग गैस की किल्लत झेल रहे हैं।
Leave a comment