डालटनगंज : डाल्टनगंज के धर्माध्यक्ष थ्योदोर मस्करेन्हस का इस्तीफ़ा स्थानीय कलीसिया के लिए एक अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद समाचार रहे। उनके इस्तीफे के बाद राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद को अल्पकाल के लिए डाल्टनगंज धर्मप्रांत का ‘अपोस्टोलिक एडमिनिस्ट्रेटर’ (Apostolic Administrator) नियुक्त किया गया है। निवर्तमान बिशप का यह अचानक इस्तीफा स्थानीय विश्वासियों और कलीसिया के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
ज्ञात हो कि बिशप थ्योदोर मस्करेन्हस के खराब स्वास्थ्य के मद्देनजर संत पिता लियो चौदहवें ने उनके इस्तीफे को स्वीकार किया जिसकी घोषणा डाल्टनगंज के शांति की महारानी महा गिरजाघर में राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के द्वारा दिनांक 26 नवंबर 2026 को शाम 04:30 बजे की गई। बिशप थ्योदोर मस्करेन्हस का इस्तीफ़ा छोटेनागपुर की कलीसिया के लिए बहुत बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। डाल्टनगंज धर्मप्रान्त के प्रशासन की जिम्मेदारी महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद को दी गई है।
इस नई जिम्मेदारी को संभालने के बाद, आज उन्होंने अपोस्टोलिक एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में अपना पहला पवित्र मिस्सा बलिदान (Holy Mass) अर्पित किया। मिस्सा के दौरान अपने संदेश में उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए धर्मप्रांत के सभी पुरोहितों, धर्मसंघियों और आम विश्वासियों से विशेष अपील की। उन्होंने धर्मप्रांत के उत्थान और निरंतर विकास के लिए सभी से अपना सक्रिय सहयोग, सेवा और समर्थन प्रदान करने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने निवर्तमान
बिशप थ्योदोर मस्करेन्हस के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निवर्तमान बिशप का समर्पण, प्रतिबद्धता और कलीसिया के प्रति उनकी सेवाएं एक अनमोल उपहार रही हैं। अंत में, महाधर्माध्यक्ष ने सभी विश्वासियों के साथ मिलकर निवर्तमान बिशप के उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने के लिए विशेष प्रार्थना की।





Leave a comment