
डॉ. नीलेश कुमार की अपील—रक्त के अभाव में किसी मरीज की जान न जाए, स्वस्थ व्यक्ति साल में एक-दो बार जरूर करें रक्तदान
जामताड़ा। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को मेडी सेफ पॉलीक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से करमाटाड़ रोड स्थित पॉलीक्लिनिक परिसर में एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 50 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता एवं सामाजिक सेवा का संदेश दिया।

शिविर का विधिवत उद्घाटन जामताड़ा ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीलेश कुमार एवं डॉ. शाना अंडलिब ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पॉलीक्लिनिक के डायरेक्टर चंदन मंडल एवं अर्नब मंडल ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
रक्तदान से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी
मौके पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीलेश कुमार ने कहा कि रक्तदान एक महान एवं पुनीत कार्य है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जरूरत के समय मरीजों की जान बचाने के लिए रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को साल में एक से दो बार स्वेच्छा से रक्तदान अवश्य करना चाहिए, ताकि रक्त के अभाव में किसी जरूरतमंद मरीज की जान न जाए।

उन्होंने जिले के सभी पैथोलॉजी सेंटर एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों से भी अपील की कि वे समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करें। इससे जामताड़ा जिले में रक्त की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

सामाजिक दायित्व के तहत आगे भी होंगे जनहितकारी कार्यक्रम
वहीं, पॉलीक्लिनिक के डायरेक्टर चंदन मंडल एवं प्रणब मंडल ने कहा कि डॉ. नीलेश कुमार के आग्रह पर इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से सामाजिक दायित्व के तहत पूर्व में भी निःशुल्क ब्लड शुगर एवं बीपी जांच शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में चंदन मंडल, प्रणब मंडल, नगमा खातून, अर्पिता बनर्जी, मनोरमा बनर्जी, नाच परवीन, जीतू मंडल, प्रदीप यादव, गोविंद मंडल एवं ज्योति सिंह सहित लगभग 50 लोगों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर गोविंद मंडल, प्रदीप यादव, इस्तकार अंसारी, आदिल अंसारी, अर्पिता कुमारी सहित ब्लड बैंक के टेक्नीशियन एवं अन्य लोग उपस्थित थे।





Leave a comment