
कार्तिक पूर्णिमा पर रामगढ़ किला मंदिर में गूंजा जयकारा, 63वें महायज्ञ की पूर्णाहुति; अटूट भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
दस दिन गूंजे वैदिक मंत्र, भक्ति के रंग में डूबा रहा बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर परिसर
जिलावासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ सतचंडी और नवाह्नपरायण संयुक्त महायज्ञ का भव्य समापन
रामगढ़। आस्था, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम मंगलवार को बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर परिसर में देखने को मिला। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 63वें सतचंडी और श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण संयुक्त महायज्ञ की पूर्णाहुति पूरे विधि-विधान से संपन्न हुई। हवन के साथ आयोजित अटूट भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह के मुख्य अतिथि छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विवेक सिंह रहे, जो अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचे। किला मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका और नामित सदस्य सरदार अनमोल सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद सीईओ ने श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का वितरण किया।
सीईओ विवेक सिंह ने कहा कि किला मंदिर की यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। 63 वर्षों से निरंतर चल रहा यह आयोजन समाज को एकजुट करता है। यहां आकर मुझे अत्यंत आत्मिक शांति मिली।
छह दशक से अटूट परंपरा
15 नवंबर से शुरू हुए इस दस दिवसीय अनुष्ठान ने कार्तिक मास में पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बनाए रखा। इस महायज्ञ की शुरुआत वर्ष 1963 में तत्कालीन मंदिर पुजारी सह व्यवस्थापक पंडित खेमानंद शर्मा ने की थी। तब से शहर के श्रद्धालुओं के सहयोग से हर वर्ष यह परंपरा निभाई जा रही है।
इस वर्ष दीपक चौरसिया और उनकी धर्मपत्नी कुसुम चौरसिया यजमान रहे। मंदिर के प्रधान पुजारी सह ज्योतिषाचार्य पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने आचार्य के रूप में अनुष्ठान संपन्न कराया, जबकि श्रीरामचरितमानस पाठ के व्यास सुरेंद्र पांडेय रहे। अंकित पाठक, बृजेश पाठक, धीरज पाठक, राजकिशोर पाठक, अखिलेश तिवारी, गोविंद दत्त शर्मा, चंदन पांडेय, राजन मिश्रा और ब्रह्मा मुरारी मोहन शर्मा सहित अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने पाठकर्ता की भूमिका निभाई।
दस दिनों तक प्रतिदिन प्रातःकाल श्रीगणेश पूजन, पंचांग पूजन, सर्वदेव पूजन और सतचंडी पाठ हुआ। अपराह्न में श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण का पाठ और संध्या को हवन होता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य के भागी बने।
सबके कल्याण की कामना
किला मंदिर प्रबंध समिति और प्रधान पुजारी ने बताया कि यह महायज्ञ रामगढ़ जिले के सभी निवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना से किया गया। उन्होंने पूर्णाहुति, हवन और भंडारे में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों का आभार जताया आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अनूप कुमार उर्फ बाबू साहब, महासचिव प्रोफेसर संजय प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष किशोर जाजू, सचिव महेश कुमार, प्रधान पुजारी गोविंद बल्लभ शर्मा और मुरारी मोहन शर्मा सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।





Leave a comment