झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। हाल के दिनों में तापमान बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़ों से दूरी बना ली थी, लेकिन अब ठंड दोबारा असर दिखा सकती है। मौसम विभाग ने 3 और 4 फरवरी को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बीते कुछ दिनों से तापमान में इजाफा होने के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही थी। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इसी वजह से लोग बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलने लगे थे, लेकिन अब मौसम में बदलाव के साथ ठंड फिर लौट सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक 3 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान सुबह हल्का कोहरा छाने और बाद में आंशिक बादल रहने की संभावना है।
वहीं 4 फरवरी को पश्चिमी झारखंड के साथ-साथ सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। शेष क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया।
Leave a comment