बिहार : बिहार के बाद अब चुनाव आयोग झारखंड में भी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की तैयारी में जुट गया है। आने वाले दिनों में झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। जैसे ही इसकी घोषणा हुई, राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
इसी कड़ी में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मुद्दे पर एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने साफ कहा कि झारखंड में किसी भी कीमत पर एसआईआर लागू नहीं होने देंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विरोधी विकास की बात नहीं करते, बल्कि लोगों के नाम मतदाता सूची से काटने की बात करते हैं।
एसआईआर से जुड़े सवालों पर उन्होंने मीडिया को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर झारखंड में एसआईआर लागू किया गया तो मीडिया पर भी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आप लोग चल दिए जाएंगे लंदन”। साथ ही, उन्होंने मीडिया से राहुल गांधी का समर्थन करने की अपील भी की।
डॉ. अंसारी ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एसआईआर के तहत 65 लाख लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया, “क्या उन लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं है? आपको किसने पावर दिया कि आप झारखंड में एसआईआर लागू कर दीजिएगा? है हिम्मत?”
उन्होंने दोहराया कि झारखंड में ऐसा नहीं चलने दिया जाएगा। “हम विकास की बात करते हैं, जबकि ये लोग नाम काटने की बात करते हैं,” उन्होंने कहा।
Leave a comment