महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर रविवार दोपहर तीन बजे पहाड़ी मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात का आयोजन आयोजन महासमिति द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर शिव बारात को रवाना करेंगे। उनके साथ सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव कर्पूरगौरं करुणावतारं स्वरूप में अपने भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में शामिल होंगे। 51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन और दिव्य आरती करेंगी। शिव बरात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की झांकियां भी मुख्य आकर्षण होंगी। भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य करते हुए बारात की शोभा बढ़ाएगी।
बारात का मार्ग पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से शुरू होकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर तक जाएगा। वहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न होगा। इस बार बारात पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगी और देशभर से कलाकार शामिल होंगे। शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी बारात के प्रमुख आकर्षण होंगे। राधा-कृष्ण का प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और कुल 20-21 वाहन फूलों से सजाए जाएंगे। आयोजन महासमिति द्वारा ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। संरक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
इससे पहले सुरेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को बाबा भोलेनाथ को पारंपरिक रीति-रिवाज से हल्दी चढ़ाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। मंगल गीत गाए गए और श्रद्धालुओं ने बाबा को हल्दी अर्पित की। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया और विधिवत आरती संपन्न हुई। मड़वा (मंडप) का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शनिवार को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी। 15 फरवरी को शिव बरात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर के अध्यक्ष सुरेश साहू और महासचिव संतोष सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। इसके अलावा दूरदर्शन केंद्र रांची की ओर से तीन नए धारावाहिकों का निर्माण किया गया है। इसमें हास्य, रहस्य-रोमांच और पारिवारिक संवेदनाओं का समावेश किया गया है। पारिवारिक हास्य धारावाहिक ‘तिकड़मबाज’ प्रत्येक शनिवार रात आठ बजे डीडी झारखंड पर प्रसारित किया जाएगा।
Leave a comment