पाकुड़ ब्यूरो जितेन्द्र यादव की रिपोर्ट
पाकुड़/महेशपुर। महेशपुर प्रखंड के मुर्गाडांगा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर विशालकाय कोबरा सांप निकल आया। गांव निवासी मिठू कुमार के घर में अचानक जहरीले कोबरा को देख परिवार के लोग दहशत में आ गए और कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य अशराफुल शेख तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ देर की कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थमी रहीं। हालांकि टीम की सतर्कता से किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। बाद में पकड़े गए कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू टीम के इस साहसिक कार्य की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Leave a comment