जामताड़ा शहर के नामुपाड़ा मुहल्ले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक युवक को महिला के घर से बरामद कर थाना लाया है। बताया जा रहा है कि युवक काफी देर से महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान महिला के दोनों बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला ने उन्हें चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चे नहीं माने तो उसने उनकी पिटाई कर दी। बच्चों के शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पता चला कि महिला ने युवक को घर के अंदर एक बक्से में छिपा रखा था और ऊपर से कपड़ा ढक दिया था। पुलिस ने बक्से को खोलकर युवक को बाहर निकाला और उसे हिरासत में लेकर थाना ले गई। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। बताया जाता है कि वह अक्सर घर से बाहर रहते हैं। महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ नामुपाड़ा में रहती है। इसी का फायदा उठाकर उक्त युवक का घर आना-जाना लगा हुआ था, जिसका बच्चे विरोध करते थे। पकड़ा गया युवक जमुई का रहने वाला बताया जा रहा है और वह महिला के पति का परिचित है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment