बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव एक जुलाई को रांची आएंगे। उस दिन चकाई में पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद तेजस्वी रांची आएंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिल कर बिहार चुनाव पर चर्चा करेंगे। क्योंकि झारखंड मुक्ति मोर्चा बिहार विधानसभा चुनाव में 16 सीटों पर दावेदारी कर रहा है। मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन को छोड़ अन्य सभी नेता सीटों के दावे को दुहरा रहे हैं।
मालूम हो कि झामुमो इंडिया गठबंधन का एक प्रमुख घटक दल है। झारखंड विधानसभा चुनाव में जिस तरह राजद ने अपनी दावेदारी की थी। उसी तरह झामुमो भी बिहार विधानसभा चुनाव में दावा कर रहा है। हालांकि दोनों चुनावों में राजद और झामुमो की जमीनी हकीकत में बहुत बड़ा अंतर है। झारखंड में राजद कई सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखायी पड़ता है, लेकिन बिहार में झामुमो का जनाधार दो-तीन सीटों पर ही जाकर सिमट जाता है। बिहार में झामुमो के जिला व राज्यस्तरीय संगठन का भी अभाव है। इस कारण झामुमो के दावे को बिहार विधानसभा चुनाव में कितना महत्व मिलेगा, यह अहम सवाल है। लेकिन इस सवाल को सुलझाना गठबंधन के दोनों ही दलों के लिए काफी अहम हो जाता है।
Leave a comment