पलामू जिले में बुधवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल बना दिया। लेस्लीगंज और नावाजयपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहली घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के डबरा गांव में हुई। मोहम्मगंज के निवासी विश्वजीत सोनी उर्फ सूरज सोनी (25) अपनी पत्नी के साथ ससुराल आए थे और बुधवार को ट्रेन पकड़ने के लिए मेदिनीनगर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन अन्य युवक घायल हुए, जो कथित रूप से नशे की हालत में थे। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है।
दूसरी घटना नावाजयपुर थाना क्षेत्र के पुराने यज्ञशाला के पास हुई। यहां पैशन प्रो और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में पकरिया गांव निवासी सचिन कुमार (22) और नावाखास निवासी आशीष कुमार (21) की मौत हो गई। हादसे में आशीष के भाई आकाश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल में जारी है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सचिन और आशीष को मृत घोषित किया। गुरुवार को तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस दोनों हादसों के कारणों की जांच कर रही है।
Leave a comment