झारखंड के 48 नगर निकायों में नगर सरकार चुनने के लिए मतदान की प्रक्रिया सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गई। लंबे अंतराल के बाद हो रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी रांची सहित राज्यभर में सुबह से ही लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मॉक पोलिंग के बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ और मतदाता बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया में थोड़ा अधिक समय लग रहा है। हालांकि अब तक राज्य के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। निर्धारित समय तक कतार में खड़े सभी मतदाताओं को वोट देने का अवसर दिया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निकाय क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुल 4307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 2129 मतदान भवनों में संचालित हो रहे हैं। इनमें 2445 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 896 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुनर्मतदान की स्थिति से निपटने के लिए तीन दिन रिजर्व भी रखे गए हैं। इस चुनाव में कुल 43,33,574 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इनमें 21,26,227 महिला, 22,07,203 पुरुष और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार मतदान में नोटा का प्रावधान नहीं रखा गया है।
मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। नगर निगमों में सबसे पहले हजारीबाग मेयर का परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है, जबकि धनबाद का परिणाम सबसे बाद में आ सकता है। नगर परिषदों में गोड्डा और पाकुड़ के नतीजे पहले घोषित हो सकते हैं। वहीं नगर पंचायतों में महागामा, बासुकीनाथ, बुंडू और खूंटी के परिणाम शुरुआती चरण में सामने आने की संभावना है। आयोग ने निर्देश दिया है कि इस बार मतगणना प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए। पिछले चुनाव में हुई देरी से सबक लेते हुए टेबल की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि कम राउंड में नतीजे घोषित किए जा सकें और एक से दो दिनों के भीतर सभी नौ नगर निगमों के मेयर पद के परिणाम सामने आ सकें।
Leave a comment