दस्तावेज पूर्ण मामलों में तत्काल भुगतान, लंबित दस्तावेजों के लिए अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में शिविर लगाने का निर्देश
लोहरदगा से सद्दाम खान की रिपोर्ट
लोहरदगा जिले में संचालित पथ परियोजनाओं के अंतर्गत रैयतों को मुआवजा भुगतान एवं परियोजना कार्यों की प्रगति को लेकर आज उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना एवं लोहरदगा बाईपास पथ परियोजना में रैयतों के लंबित मुआवजा भुगतान की मौजा एवं प्लॉटवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना अंतर्गत टीको, कुंदो एवं कुडू मौजा में रैयतों को किए गए एवं लंबित मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिन मामलों में एलपीसी अप्राप्त है, वहां शीघ्र एलपीसी निर्गत कराने तथा जिन मामलों में सत्यापित वंशावली अप्राप्त है, उनके लिए अक्टूबर माह में विशेष शिविर आयोजित कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन रैयतों के दस्तावेज पूर्ण हैं, उनके मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
भुगतान प्राप्त रैयतों की संरचनाएं जल्द हटाने का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन रैयतों को उनकी आधारभूत संरचनाओं का मुआवजा भुगतान किया जा चुका है, उन निर्मित संरचनाओं को शीघ्र हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति जल्द करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने अंचल अधिकारियों एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह तक लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया।
लोहरदगा बाईपास पथ परियोजना में कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में लोहरदगा बाईपास पथ परियोजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिन रैयतों को आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में अब तक मुआवजा भुगतान नहीं हो सका है, उनके लिए अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में शिविर आयोजित कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं तथा दस्तावेज पूर्ण होने पर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए।
उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अंगरनाथ स्वर्णकार, संबंधित अंचल अधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे
Leave a comment