
9 एमएम पिस्टल, छह जिंदा कारतूस व गिरोह के पर्चे के साथ सक्रिय सदस्य संदीप मेहता गिरफ्तार

बड़कागांव(हजारीबाग)। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बीच हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोयलंग स्थित बाकपंजा टोला के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इसी क्रम में बाकपंजा टोला जंगल के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा, पिता स्व. निरंजन महतो, ग्राम तलसवार, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग को पुलिस ने पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9 एमएम पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान गिरोह का ‘KSS’ लिखा हुआ दो पर्चा तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सभी सामानों को विधिवत जप्ती सूची तैयार कर पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले को लेकर बड़कागांव थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 06/09/2026 के तहत धारा 111(3)/111(4)/61(2) बीएनएस एवं 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार प्राथमिकी अभियुक्त संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा को आवश्यक पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की सक्रियता, त्वरित कार्रवाई और मजबूत सूचना तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय कर संदिग्ध क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया और कार्रवाई के दौरान हथियार के साथ गिरोह के सक्रिय सदस्य को दबोच लिया गया।
बड़कागांव पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध एवं संगठित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की तत्परता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Leave a comment