
टाटीझरिया(हजारीबाग): अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ टाटीझरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट बरामद किया है। थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 बंडलों में रखे करीब 90 हजार अवैध लॉटरी पेपर बरामद किए। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
मिली सूचना के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हजारीबाग की ओर से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की तरफ एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार ने बिना देर किए छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी।
टीम जैसे ही 17 माइल टाटीझरिया के पास पहुंची, हजारीबाग की ओर से आ रहा एक सफेद रंग का पिकअप वाहन पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सशस्त्र बल के सहयोग से वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पंजीयन संख्या JH02BW3718 के डाला से प्लास्टिक के बोरे में सील किए गए 30 बंडल बरामद हुए। प्रत्येक बंडल में दो कार्टन और कुल 60 कार्टन में करीब 90,000 अवैध लॉटरी पेपर पाए गए। प्रत्येक पेपर पर अलग-अलग नाम की कुल 21 लॉटरी टिकट छपी हुई थीं। वाहन चालक से पूछताछ में उसकी पहचान विकास कुमार प्रजापति के रूप में हुई।
इस मामले में टाटीझरिया थाना कांड संख्या 48/26, दिनांक 08.09.2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध लॉटरी की इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने की कार्रवाई में थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार की त्वरित सूचना-सत्यापन, सक्रिय निगरानी और मौके पर तत्काल कार्रवाई की विशेष भूमिका सामने आई है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर बिना समय गंवाए कार्रवाई करना पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाता है। उनकी इस सक्रियता की स्थानीय स्तर पर भी सराहना हो रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि टाटीझरिया क्षेत्र में अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a comment