
खराब ट्रांसफार्मर 24 घंटे में दुरुस्त करने, जर्जर तार बदलने एवं विद्युत आधारभूत संरचना मजबूत करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट – सुमित कुमार पाठक पतरातु
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर, विश्वसनीय एवं निर्बाध बनाने की दिशा में विधायक रोशन लाल चौधरी ने आज पतरातू स्थित सरोवर विहार लेक रिसॉर्ट के कम्युनिटी हॉल में विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ RDSS (Revamped Distribution Sector Scheme) को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की।

बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र में RDSS के अंतर्गत चल रहे विद्युत कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्युत से संबंधित विकास योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की आम जनता को मिलना चाहिए।
विधायक श्री चौधरी ने MUJY योजना, RDSS योजनाओं के तहत पुराने एवं जर्जर विद्युत तारों को बदलने, आवश्यकता के अनुसार नए विद्युत पोल लगाने तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब हैं, वहां 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर की मरम्मत अथवा आवश्यकता पड़ने पर उसे बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी गांव, टोला अथवा मोहल्ले में ट्रांसफार्मर खराब होने, बिजली का तार टूटने या विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लोगों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े। विभागीय अधिकारी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
विधायक ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े विद्युत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब और गुणवत्ता में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। योजनाओं की निगरानी एवं कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक चौधरी ने कहा कि आज के समय में बिजली केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, कृषि, रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। पर्याप्त और निर्बाध बिजली के बिना किसी क्षेत्र के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि सरकार एवं विभाग द्वारा संचालित विद्युत योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। किसी भी गांव अथवा परिवार को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय एवं समीक्षा की जाएगी।
विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण कार्य और जनता को विश्वसनीय मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेगा।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, कुज्जू नवलेश कुमार, सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल रोहितास कुमार, कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक आनंद सहित आजसू पार्टी जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी, भदानीनगर मंडल अध्यक्ष सोनू कुमार शौर्य, आजसू पार्टी मंडल अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया गंगाधर महतो, कटिया मुखिया किशोर महतो, आजसू पार्टी केंद्रीय सदस्य अशोक पाठक, केंद्रीय सदस्य अजय रवि, समाजसेवी लालू यादव, गणेश ठाकुर, डॉ. संजीव विश्वास, अर्जुन वर्णवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Leave a comment