रांची। सदर अस्पताल समेत रांची जिले के सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब रिपोर्टिंग के लिए संबंधित अस्पताल प्रबंधन या अधिकृत अधिकारी से पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा।
नए नियमों के तहत ICU, HDU, SNCU, इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, प्रोसीजर रूम और नर्सिंग एरिया जैसे संवेदनशील स्थानों में मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, यह व्यवस्था मरीजों की निजता, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। मरीजों की फोटो या वीडियो बनाने और उनकी पहचान सार्वजनिक करने के लिए भी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
अस्पताल परिसर में बिना अनुमति फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और लाइव स्ट्रीमिंग पर भी रोक रहेगी। प्रशासन ने मीडिया कर्मियों से नए दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बताया गया है कि हाल में अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों और मीडिया कर्मियों की मौजूदगी के कारण मरीजों को हुई असुविधा को देखते हुए प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित किया गया है।
फिलहाल नए नियमों के बाद मरीजों की निजता और मीडिया की रिपोर्टिंग के बीच संतुलन बनाए रखना अस्पताल प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी।
Leave a comment