जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशी चमेली देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं नगर क्षेत्र के मतदाता उपस्थित रहे। इस अवसर पर चमेली देवी ने कहा कि यह चुनाव जामताड़ा को वर्षों से चले आ रहे कठपुतली राज और भ्रष्ट व्यवस्था से मुक्त कराने का निर्णायक अवसर है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक विष्णु भैया के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना और नगर क्षेत्र में जनता का राज स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से नगर पंचायत पर काबिज़ लोगों ने कठपुतली राज की आड़ में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाने के बजाय केवल 2–4 चुनिंदा संवेदकों में बंदरबाँट किया गया, जिससे नगर पंचायत को निजी जागीर की तरह चलाया गया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में 100 से अधिक संवेदक आज भी कार्य के अवसर से वंचित हैं, जिसे समाप्त कर पारदर्शी और समान अवसर की व्यवस्था लागू की जाएगी।
चमेली देवी ने आगे कहा कि वर्तमान समय में बाज़ार और व्यापारियों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। इस चुनाव के परिणाम के साथ ही इस डर को समाप्त कर जामताड़ा को भयमुक्त वातावरण देने का कार्य किया जाएगा, ताकि व्यापार, विकास और विश्वास तीनों को मजबूती मिल सके। नामांकन कार्यक्रम में राज्य के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जामताड़ा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, आनंद टुडू, किशोर रवानी, मनोज झा, सागिर ख़ान सहित सैकड़ों की संख्या में जामताड़ा नगर क्षेत्र के मतदाता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर परिवर्तन और जनता के राज की स्थापना का संकल्प लिया।
Leave a comment