झारखंड के चतरा जिला स्थित सिमरिया के कसारी जंगल में बीते सोमवार शाम को एक तेज धमाके साथ विमान हादसा हुआ। जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा लगभग 8 बजे हुई। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस धमाके में एक महिला की भी जलने की सूचना है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चतरा पुलिस और प्रशासन को दी। वहीं, पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, यह एयर एंबुलेंस चतरा के सिमरिया स्थित कसारी जंगल में क्रैश हो गई। बताया गया है कि विमान ने शाम 7 बजे रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, उड़ान के लगभग आधे घंटे बाद ही उसका एटीसी से संपर्क टूट गया। वायरलेस सिग्नल से आखिरी बार संपर्क शाम 7:30 बजे पलामू-गढ़वा क्षेत्र में हुआ था। इसके बाद अचानक संपर्क समाप्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार जिनकी उम्र 41 वर्ष है, को रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था। वे आगजनी की घटना में करीब 65% तक जल गए। उन्हें 16 फरवरी को रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था। बताते चलें कि सात दिन पहले उनके बकोरिया स्थित होटल में आग लग गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से झुलस गए थे। स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया। सोमवार दोपहर उन्हें अस्पताल से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली के लिए रवाना किया गया था। फिलहाल, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चतरा के पुलिस-प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा। खराब मौसम, तेज बारिश और हवा को संभावित कारणों में देखा जा रहा है, लेकिन अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब आठ बजे तेज बारिश और हवा के बीच अचानक जोरदार धमाका हुआ।
इसके तुरंत बाद जंगल में आग लग गई। घटनास्थल पर आसपास के गांवों से करीब एक हजार लोग पहुंच गए। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। किसी को भी मलबे के पास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। रात का समय और लगातार बारिश राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बनती रही। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त विमान रेड बर्ड कंपनी की एयर एंबुलेंस सी-90 बताया जा रहा है। इस में कुल 7 लोग बैठे थे। जिसमें पायलट कप्तान विवेक विकास भगत, को-पायलट कैप्टन समरजीत सिंह, डॉ विकास गुप्ता, मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, ध्रुव कुमार और पैरामेडिकल स्टाफ सचिन कुमार मिश्रा शामिल थे।
Leave a comment