
हजारीबाग: शहर में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए कोर्रा थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम एक जबरदस्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में मटवारी गांधी मैदान, कनहरी हिल, फोरेस्ट एरिया और नगवाँ हवाई अड्डा जैसे संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी की गई।
इस अभियान में पुलिस टीम के साथ SI बिट्टू रजक भी शामिल रहे और पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान के दौरान पुलिस ने अड्डेबाजी, जुआ और शराबखोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 4 व्यक्तियों को मौके से पकड़कर थाना लाया। बाद में सभी को P.R. बॉन्ड पर इस सख्त शर्त के साथ छोड़ा गया कि भविष्य में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे। साथ ही अन्य संदिग्ध लोगों को भी मौके पर कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

यह विशेष अभियान रात 8:00 बजे से शुरू होकर 10:00 बजे तक लगातार चला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और असामाजिक तत्वों में खौफ का माहौल देखा गया।
थाना प्रभारी अजीत कुमार की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों के बीच खासा भरोसा देखा जा रहा है। उनकी पहचान एक सख्त लेकिन न्यायप्रिय अधिकारी के रूप में बनती जा रही है, जो कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करते। लगातार क्षेत्र में गश्ती, त्वरित कार्रवाई और जनसंपर्क पर उनका विशेष ध्यान रहता है, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का एहसास मजबूत हो रहा है। वहीं, SI बिट्टू रजक सहित पूरी टीम की मुस्तैदी और तालमेल ने इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि हजारीबाग में अब किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment