
हजारीबाग: शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर रविवार, 24 मई 2026 को शहर में व्यापक नो पार्किंग जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को जागरूक कर यातायात अनुशासन की नई मिसाल पेश करने का प्रयास भी बना।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रिय मौजूदगी में इंद्रपुरी चौक से लेकर मेन रोड, झंडा चौक, पानी टंकी, पैगोडा चौक, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली, खाजा चौक, सांसद मोड़, कल्लू चौक होते हुए जिला मोड़ तक माइकिंग कर लोगों को नो पार्किंग नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान ऑटो और टोटो चालकों को भी स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने या प्रवेश करने से बचें, अन्यथा दो दिनों बाद नियमानुसार चालान की कार्रवाई शुरू होगी।

अभियान में यातायात थाना प्रभारी अनूप प्रसाद की सक्रियता और कार्यशैली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। वे स्वयं सड़क पर उतरकर टीम के साथ लोगों को समझाते, नियमों की जानकारी देते और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की अपील करते नजर आए। उनकी तत्परता और अनुशासनप्रिय कार्यशैली यह संदेश देती दिखी कि शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह गंभीर है।
तीन पुलिस पदाधिकारियों और 10 गृहरक्षकों की टीम के साथ चलाया गया यह अभियान शहरवासियों को एक स्पष्ट संदेश दे गया—“अब नियम तोड़ने पर नहीं चलेगी मनमानी, सड़क पर अनुशासन ही प्राथमिकता होगी।”
Leave a comment