मुजफ्फरपुर जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग की चपेट में आने से करीब 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृत व्यक्तियों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम सम्राट ने लिखा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया है। घायलों के उपचार के लिए सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया है।
मरीजों और परिजनों के बीच चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:40 बजे जिले के प्रसाद हॉस्पिटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते अस्पताल का आईसीयू समेत कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त अस्पताल में दो दर्जन से अधिक मरीज भर्ती थे, जिनमें कई गंभीर मरीज आईसीयू में इलाजरत थे। आग और धुएं के कारण मरीजों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
Leave a comment