
हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मामले में कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.62 एमएम की देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को गिद्दी सी चेकपोस्ट के पास राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों द्वारा एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर फायरिंग की गई थी। घटना का उद्देश्य क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एसआईटी का गठन कर अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था।
अनुसंधान के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने मो. वारिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस कांड में गिरोह के दो अन्य सदस्य भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस पूरे अभियान में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। अपराधियों तक पहुंचने, साक्ष्य जुटाने और कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने में उनकी सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और पेशेवर कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी लगातार निगरानी और सख्त रुख का ही परिणाम है कि पुलिस ने बेहद कम समय में मामले का खुलासा कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है।
गिद्दी पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ कार्रवाई कर रही है। वहीं थाना प्रभारी इकबाल हुसैन और उनकी टीम की मुस्तैदी से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस की ऐसी प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
Leave a comment