सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों वाहनों में सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ऑटो के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ऑटो तेज रफ्तार में थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में घायल लोगों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित इलाकों में यातायात व्यवस्था मजबूत करने और वाहन चालकों को गति सीमा का पालन कराने की मांग की है।
Leave a comment