
हजारीबाग, 11 जून 2026: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर शहर में व्यापक यातायात जागरूकता एवं विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस जीप से माइक के माध्यम से यातायात नियमों, नो-पार्किंग व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी, तीन पुलिस पदाधिकारियों एवं आठ गृहरक्षकों की टीम ने डिस्ट्रिक्ट मोड़, पीटीसी चौक, मटवारी चौक, बाबूगांव चौक, कोर्रा चौक, इंद्रपुरी चौक, पानी टंकी, पैगोडा चौक, खाजा चौक, छोटी ग्वालटोली, सांसद मोड़, सुंदरी मार्केट, झंडा चौक और पंच मंदिर चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

इसके साथ ही पीटीसी चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट 113, ट्रिपल राइडिंग 25, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने वाले 7 तथा नो-पार्किंग में खड़े 12 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों का चालान काटा गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Leave a comment