रांची। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु Shibu Soren को पद्म भूषण सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री Hemant Soren ने खुशी जताई और भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं और वे सदैव “भारत रत्न” रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा है। उनके संघर्ष, त्याग और योगदान ने झारखंड की पहचान को नई दिशा दी है। पद्म भूषण सम्मान उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। झारखंड राज्य के निर्माण और यहां के लोगों के अधिकारों की रक्षा में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
पद्म भूषण सम्मान की घोषणा के बाद झारखंड के विभिन्न हिस्सों में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे राज्य और झारखंड आंदोलन से जुड़े लाखों लोगों के लिए गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मान चाहे कोई भी हो, जनता के दिलों में शिबू सोरेन का स्थान सबसे ऊंचा है और वे हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
Leave a comment