
हजारीबाग: जिले की बरही थाना पुलिस ने अपराध और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियार तस्कर को देशी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में बरही पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने रसोईधमना गांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक मो. आमिर सोहेल उर्फ राजा बाबू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अपाचे मोटरसाइकिल (JH02AM-5798) बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही श्री राघोम किशोर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी विनोद कुमार की सूझबूझ, त्वरित रणनीति और सक्रिय नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और तेज कार्रवाई के कारण एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही
थाना प्रभारी विनोद कुमार
पु.अ.नि. सुमित राय
पु.अ.नि. राजवल्लभ कुमार
पु.अ.नि. सुशील कुमार
पु.अ.नि. दीपक कुमार
पु.अ.नि. रूपलाल यादव
थाना के अन्य पुलिसकर्मी एवं चालक
बरही थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। थाना प्रभारी विनोद कुमार की सक्रिय कार्यशैली, सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल है, जबकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a comment