सरायकेला। सरायकेला में ठेकेदार और कारोबारी संजय कुमार डालमिया के पटनायक टोला स्थित आवास पर ED ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक (JSCB) की सरायकेला शाखा से जुड़े कथित वित्तीय फर्जीवाड़े की जांच के तहत की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ED की टीम कई वाहनों से डालमिया के आवास पर पहुंची और तलाशी शुरू की। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
रिपोर्टों के मुताबिक, मामला सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये के लोन और उसके भुगतान से जुड़ा है। ED इस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के पहलुओं की जांच कर रही है।
ED की रांची यूनिट ने झारखंड और ओडिशा में कुल सात ठिकानों पर तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई PMLA की धारा 17 के तहत की जा रही है।
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। एजेंसी की ओर से बरामदगी या जब्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Leave a comment