
थाना प्रभारी कुमार अश्विनी ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील

चुरचू (हजारीबाग)। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चुरचू थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा समितियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील की। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विनी की सक्रियता और तत्परता विशेष रूप से देखने को मिली। उन्होंने बैठक के माध्यम से पूजा समितियों एवं ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उनके द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देशों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस के साथ-साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। लोगों ने कहा कि चुरचू क्षेत्र में सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ पर्व मनाते आए हैं और इस गौरवपूर्ण परंपरा को आगे भी कायम रखा जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से चुरचू प्रखंड प्रमुख निरंजन प्रसाद नायक, प्रशिक्षु आईएएस सह प्रभारी अंचलाधिकारी पूर्वी अग्रवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ललित राम, थाना प्रभारी कुमार अश्विनी सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
बैठक ने यह संदेश दिया कि प्रशासन और जनता के बेहतर समन्वय से दुर्गापूजा का पर्व शांति, सुरक्षा और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
Leave a comment