रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी शनिवार को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उनकी दिवंगत मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर पहुंचकर रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मुलाकात के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में शोक का माहौल है। उनके निधन की खबर के बाद से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों के नेमरा पहुंचने का सिलसिला जारी है। नेता परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर 2026 की रात रांची के हिल व्यू अस्पताल में हुआ था। वह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेता दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थीं। 8 अक्टूबर को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
अंतिम संस्कार के बाद परिवार संथाली परंपराओं के अनुसार पारिवारिक रस्में निभा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेमरा में रहकर अपने पारिवारिक दायित्वों के साथ राज्य का सरकारी कामकाज भी संभाल रहे हैं। जरूरी सरकारी फाइलों और प्रशासनिक मामलों को लेकर अधिकारी उनसे वहीं मुलाकात कर रहे हैं।
Leave a comment