हजारीबाग। पुलिस की सक्रियता, तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली का एक सराहनीय उदाहरण गिद्दी थाना पुलिस ने पेश किया है। एक बालिग युवती के गुम होने की सूचना मिलते ही गिद्दी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और तकनीकी शाखा की मदद से धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र से गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को गिद्दी थाना में एक बालिग युवती के लापता होने को लेकर परिजनों की ओर से आवेदन दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने बिना देर किए सनहा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कराई। इसके बाद तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास करते हुए धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र तक पहुंच बनाई, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। इस पूरी कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन की तत्परता, सूझबूझ और जिम्मेदार कार्यशैली सराहनीय रही।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस की संवेदनशीलता और समय पर की गई कार्रवाई किसी भी परिवार के लिए कितनी बड़ी राहत बन सकती है। गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।





Leave a comment