जामताड़ा: आम जनता की समस्याओं के प्रति जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एक बार फिर देखने को मिली। शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में आयोजित बैठक समाप्त होने के बाद कार्यालय लौट रहे उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की नजर अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक फरियादी पर पड़ी। उपायुक्त ने तत्काल रुककर उनकी समस्या सुनी और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मिली जानकारी के अनुसार, जामताड़ा बाजार निवासी बुद्धदेव पाल ने अपने पड़ोसी के खिलाफ शिकायत करते हुए बताया कि उनके घर एवं दुकान से सटाकर शौचालय की टंकी की खुदाई की जा रही है। इससे उनके घर की संरचना प्रभावित होने की आशंका है और घर का स्ट्रक्चर भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर उचित जांच कराने की मांग की।
फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने तत्काल कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत जामताड़ा को मामले की जांच करने तथा वास्तविक स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया। साथ ही शिकायत के आधार पर नियमानुसार समुचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
जनता दरबार के माध्यम से भी सुनी जाती हैं शिकायतें
गौरतलब है कि जिला प्रशासन जामताड़ा द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर नियमित रूप से पहल की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त आलोक कुमार प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित करते हैं। इसमें जिले के आम नागरिक अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं।
जिला प्रशासन की इस पहल से आम लोगों को अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान की उम्मीद मिल रही है।





Leave a comment