रांची में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पोखरटोली मैदान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि पोखरटोली मैदान में कुछ युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने एयरपोर्ट के सामने पोखरटोली मैदान में इमली के पेड़ के पास से संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
इस मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 50/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।





Leave a comment