हजारीबाग। पुलिस की तत्परता, सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली का एक सराहनीय उदाहरण कटकमदाग थाना पुलिस ने पेश किया है। घर से अचानक लापता हुए 16 वर्षीय किशोर दिव्यांशु कुमार को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर नवादा से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेवाली निवासी महेश साव का 16 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार 11 नवंबर 2026 को बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 12 नवंबर को कटकमदाग थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने त्वरित पहल करते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं अन्य आवश्यक प्रयासों के जरिए किशोर का पता लगाया और 24 घंटे के अंदर नवादा से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
किशोर की सकुशल वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व में कटकमदाग पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। यह घटना दर्शाती है कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और संकट की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े रहने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





Leave a comment