
बिना स्वीकृत नक्शे के भवन निर्माण करने वालों की अब खैर नहीं, नगर आयुक्त ने खुद संभाली कमान; कई प्रमुख निर्माण स्थलों पर औचक जांच, नोटिस और कार्रवाई के निर्देश

हजारीबाग। शहर में मनमाने तरीके से हो रहे भवन निर्माण और नगर निगम के नियमों को ताक पर रखकर खड़ी की जा रही इमारतों के खिलाफ अब हजारीबाग नगर निगम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शहरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने, भवन निर्माण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता स्वयं मैदान में उतर गए हैं। उनके नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया।
नगर आयुक्त की इस सक्रिय पहल को शहर में कानूनसम्मत निर्माण व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान फातिमा एनक्लेव, आयात एनक्लेव, अल-हम्द, एमआरएफ टायर शोरूम, आयशा मजेस्टिक, डिस्ट्रिक्ट मोड़ के समीप स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल, प्रिंस होटल, वेल्स ग्राउंड के समीप अपार्टमेंट तथा जनता गैराज समेत कई प्रमुख निर्माण स्थलों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान भवनों के स्वीकृत नक्शे, निर्माण की वैधानिक स्थिति और निर्धारित भवन निर्माण मानकों के अनुपालन की बारीकी से पड़ताल की गई। जिन भवन मालिकों एवं संचालकों द्वारा निर्माण से संबंधित स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया, उनसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं, संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नक्शा प्रस्तुत नहीं करने वाले भवन मालिकों एवं परिसरों को नियमानुसार नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त की सक्रियता से नियम तोड़ने वालों में बढ़ी बेचैनी
नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता की कार्यशैली की खास बात यह रही कि उन्होंने केवल कार्यालयी निर्देशों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि अधिकारियों की टीम के साथ स्वयं निर्माण स्थलों पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उनकी इस सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश गया है कि नगर निगम अब अवैध निर्माण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।

शहर के तेजी से हो रहे विस्तार के बीच भवन निर्माण के नियमों का पालन कराना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहरी विकास को व्यवस्थित दिशा देना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में नगर आयुक्त द्वारा स्वयं निरीक्षण अभियान का नेतृत्व करना उनकी जवाबदेह प्रशासनिक कार्यशैली और शहरी व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में कोई भी भवन निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर नहीं किया जा सकता। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अवैध निर्माण के खिलाफ औचक निरीक्षण का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस निरीक्षण अभियान में नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता के साथ सहायक नगर आयुक्त श्री अनिल पाण्डेय, सहायक नगर निवेशक श्रीमती अंजुल भट्ट, कनीय अभियंता श्री रोशन कुमार एवं अमीन श्री मुकेश सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।





Leave a comment