भूषण बाड़ा को किसका संरक्षण? : भाजपा एसटी मोर्चा | 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण, मारपीट और धमकी के आरोपों में न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग
रांची। सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग किशोरी के यौन शोषण समेत गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। भाजपा एसटी मोर्चा ने सवाल उठाया है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद विधायक की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? आखिर उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त है? मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा और एसटी मोर्चा के संयुक्त बैनर तले लोकभवन के समक्ष धरना दिया गया। इसके बाद एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि विधायक पर नाबालिग के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप हैं। भाजपा ने यह भी सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर किसके आदेश से ले जाया गया? क्या इस दौरान पीड़िता पर दबाव बनाने या उसका बयान प्रभावित करने की कोशिश हुई? पार्टी ने पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में उच्चस्तरीय जांच कराने, विधायक की गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की।
आदिवासी बेटियों से जुड़े दूसरे मामलों की भी जांच की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने का आग्रह भी किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आदिवासी बहन-बेटियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। राजनीतिक प्रभाव के कारण किसी को कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता। राज्यपाल से सभी मामलों में स्वतंत्र और सक्षम एजेंसी से समयबद्ध जांच कराने तथा पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।





Leave a comment